साल की दूसरी सबसे कमाई करने वाली फिल्म बनी एम. एस. धोनी

ms-dhoni-the-untold-story-2016-movie-trailer-and-release-date

क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी की जीवन पर आधारित बायोपिक ‘एम.एस.धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी’ अभी भी थिएटर्स में धमाल मचा रही है। इतना ही नहीं ये फिल्म साल की दूसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन गई है।

इस साल आई अक्षय कुमार की सुपरहिट फिल्म ‘रुस्तम’ और ‘एयरलिफ्ट’ को घरेलू कमाई के मामले में पीछे छोड़ते हुए  ‘एम.एस.धोनी’ साल की दूसरी सबसे ज्यादा कमाई करने फिल्म बन गई है।

नीरज पांडे निर्देशित महेंद्र सिंह धोनी के जीवन पर आधारित यह फिल्म 30 सितंबर को रिलीज हुई थी और यह अब तक भारत में 129.50 करोड़ की कमाई कर चुकी है। इस साल की बड़ी सुपरहिट रही फिल्म ‘रुस्तम’ और ‘एयरलिफ्ट’ की भारत में कमाई क्रमश: 127.42 करोड़ और 129 करोड़ है। वहीं, दुनिया भर में भारत के सफलतम क्रिकेट कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के जीवन पर बनी फिल्म ने 215 करोड़ की कमाई कर ली है।

यह कमाई के मामले में सिर्फ सलमान खान की फिल्म ‘सुल्तान’ से पीछे है। फॉक्स स्टार स्टूडियोज के सीईओ विजय सिंह ने बताया, ‘यह धोनी और फिल्म को मिला हुआ प्यार है। हम अपने दर्शकों और प्रशंसकों के आभारी हैं।’ इस फिल्म में सुशांत सिंह राजपूत के अलावा दिशा पटानी, कियारा आडवाणी और अनुपम खेर ने काम किया है।

No more articles