प्यार जब भी परवान चढ़ा है, ज़माना हर दम उसके सामने एक दीवार बन कर खड़ा हुआ है। लेकिन आज हम आपको एक बड़ा ही अजीबो गरीब किस्सा बताने वाले हैं जिसमें प्यार करने की ऐसी सज़ा मिली कि प्रेमी की जान चली गयी। सबसे खास बात यह है कि यह स्टोरी किसी इंसान की नहीं बल्कि एक मुर्गे और मुर्गी के बीच की है। मध्य प्रदेश के अलीराजपुर जिले में छोटे भाई के मुर्गे को अपनी मुर्गी से इश्क लड़ाता देख एक व्यक्ति ने अपना सयम खो दिया और उसने मुर्गे को तीर मारकर घायल कर दिया। इस घटना के बाद से आरोपी फरार है। पुलिस मुर्गा मालिक की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर फरार आरोपित की तलाश कर रही है।

गौरतलब है जगलिया भील का मुर्गा घर से निकलकर दालान में दाना चुग रहा था। इसी दौरान उसके छोटे भाई ज्ञानसिंह भील की मुर्गी भी बाहर आ गई। मुर्गी को देख मुर्गा इश्क फरमाने उसके पास जा पहुंचा। मुर्गे का इश्क फरमाने का यह नज़ारा ज्ञानसिंह को बेहद नागवार गुजरा। वह घर के अंदर से धनुष-तीर लेकर आया और मुर्गे पर तीर से वार कर दिया। तीर मुर्गे के शरीर के आर-पार हो गया।

इस घटना का पता जब उसके मालिक को चला तो वह सकते में आ गया। वह तुरंत अपने घायल मुर्गे को लेकर पुलिस थाने जा पहुंचा। पुलिस ने मुर्गे को पशु चिकित्सालय भेजा। डॉक्टरों ने तीर निकालने से पहले मुर्गे की हालत में सुधार होने का इंतजार किया। उनका कहना था कि अगर तीर तुरंत शरीर से निकाल दिया जाता तो अधिक मात्रा में खून बहने से मुर्गे की मौत हो जाती। लेकिन अब मुर्गे की हालत पहले से बेहतर है।

No more articles