जब कभी आपको गुस्सा आता है तो आप क्या करते हैं? गुस्से में कोई अकेला रहना पसंद करता है तो कुछ लोगों को गुस्से में भूख ज्यादा लगती है तो कोई बहुत चिल्लाता है। लेकिन जरा सोचिए कि किसी को गुस्सा आए और वह पैसे खा जाए। हैरान हो रहे होंगे आप। लेकिन ये सच है। आज तक आपने कई बार लोगों को कहते सुना होगा कि गुस्से में आप अपना ही नुकसान करते हैं। आज हम आपको इस बात का एक उदाहरण भी दे रहे हैं।

कोलंबिया में एक महिला और उसके पति के बीच में झगड़ा हुआ। पति पर आए गुस्से को उतरने के लिए उस महिला ने 7,000 यूएस डॉलर यानी करीब 4 लाख रुपये खा लिए। महिला अपने पति से इतनी नाराज हुई कि महीनों से बचत कर रहे जोड़े पैसों को ही वह निगल गई।

मीडिया में आई खबरों के मुताबिक पैसों को खाने से उसकी सेहत पर इसका बुरा असर हुआ और सर्जरी कर उन पैसों को निकाला गया। दरअसल पूरा मामला कुछ ऐसा था कि वह महिला कई दिनों से अपने पति के साथ कहीं घूमने जाना चाहती थी। इस टूर के लिए वह कई महीनों से पैसे भी जमा कर रही थी। यहां तक कि ज्यादा फन करने के लिए और ज्यादा पैसे जोड़ने के लिए उसने घर का कुछ पुराना सामान तक बेच दिया था।

पैसे जोड़ने और टूर की प्लानिंग के बीच ही एक दिन पति-पत्नी की बहस हो गई। जिससे गुस्साई पत्नी ने 100 डॉलर के कई नोट खा लिए। डॉक्टरों का कहना है कि जिस समय महिला को अस्पताल में लाया गया उस समय उसकी हालत बहुत गंभीर थी। उसकी तुरंत सर्जरी की गई, जिसमें सौ डॉलर के 57 नोट पेट और आंत से निकाले गए। बहरहाल, सर्जरी के बाद से महिला की हालत में सुधार बताया जा रहा है।

No more articles