कहते हैं जीवन में किसी भी मुकाम को पाने के लिए आपकी उम्र आढ़े नहीं आती। उम्र महज़ एक नंबर होती है जिसका आपके सपने पूरे करने के जुनून से कोई वास्ता नहीं होता है। ऐसा ही एक जीता जागता उदाहरण पेश किया है कार्लटन विलियम्स नाम के 52 वर्षीय शख्स ने। दरअसल इन जनाब ने पूरे एक घंटे यानी 60 मिनटों में 2682 पुशप्स लगाकर नया कीर्ति मान बना दिया है। आपको बता दें कि कार्लटन विलियम्स का नाम इसके बाद गिनीज़ बुक ऑफ रेकॉर्ड्स में दर्ज हो गया है।

दरअसल ऑस्ट्रेलिया के विलियम्स ने यह कारनामा कर अपने नाम गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में “सबसे ज्यादा पुशअप्स एक घंटे में (पुरुष)” कायम कर लिया है। बता दें यह पहली बार नहीं है जब विलियम्स ने ऐसा रिकॉर्ड बनाया है। इससे पहले भी वह एक घंटे में सबसे ज्यादा पुशअप्स का रिकॉर्ड 2015 में अपने नाम कर चुके हैं। 2015 में उन्होंने एक घंटे में 2,220 पुशअप्स का रिकॉर्ड बनाया था। वहीं इस साल उन्होंने अपने ही रिकॉर्ड को तोड़ते हुए 2,682 पुशअप्स किए। विलियम्स ने कहा, “मैं बेस्ट हूं इसी बात को साबित करने के लिए मैंने यह किया।”

विलियम्स के इस कारनामे को आप यूट्यूब पर देख सकते हैं। पूरे एक घंटे तक वह पुशअप्स लगाते हैं। कुछ देर पुशअप लगाने के बाद वह थोड़ी देर का ब्रेक लेते हैं। इसके बाद वह फिर पुशअप करने लग जाते हैं। इस प्रक्रिया को वह लगातार एक घंटे तक दोहराते हैं। रिकॉर्ड बनाने के लिए नियम भी तय किए गए थे। नियमों के मुताबिक विलियम्स को अपना एक पुशअप काउंट कराने के लिए अपनी कोहनियों को 90 डिग्री के ऐंगल पर लाना जरूरी था। यूट्यूब पर यह वीडियो 11 जुलाई को अपलोड किया गया था। वीडियो पर कई लोगों ने कमेंट्स किए। कुछ ने तो कहा कि उनसे तो एक पुशअप भी न लगे। विलियम्स का यह वर्ल्ड रिकॉर्ड देखने के लिए आपके पास 1 घंटे का समय होना चाहिए!

No more articles