आपने गानों से लोगों के दिलों में जगह बनाने वाले जानेमाने मराठी गायक अरुण दाते के सबसे छोटे बेटे संगीत दाते पुणे के पास वाकड़ इलाके में एक पुल के नीचे भिखारी की तरह मिले।

बिना खाए-पिए लावारिस संगीत दाते की जानकारी करीब में ही अपनी ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक पुलिस कर्मचारी विष्णु नागरे को मिली। उन्होंने संगीत को खाना खिलाया। परिवार के बारे में पूछ जाने पर संगीत टालते रहे। उनसे मिले मोबाइल नंबर पर बात होने के बाद पता चला कि वह अरुण दाते के सबसे छोटे बेटे हैं।

खबर है कि 48 साल के संगीत परिवार से अलग हो गए हैं। परिवारवालों से उनकी नहीं बनती है। संगीत ने अपने इस हाल के लिए अपने परिवार को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने कहा ‘मेरी इस हालत के लिए मेरा परिवार जिम्मेदार है। मेरे बड़े भाई ने मुझसे और मेरे पिता से रिश्ता तोड़ा था।’

संगीत अपनी पत्‍नी से पिछले दस सालों से अलग रह रहे हैं जो कि एक सफल आर्किटेक्‍ट है। संगीत के बड़े भाई अतुल दाते ने उनके आरोपों को खारिज किया है। वे कहते हैं ‘संगीत को शराब की लत थी। वह नशे में पत्नी की पिटाई करता था इसलिए उसने तलाक दे दिया था। पिता ने भी उन्हें बांद्रा में जो घर रहने के लिए दिया था, उसे भी उन्होंने शराब के लिए बेच दिया था।’

संगीत के मुताबिक मुंबई के बांद्रा स्थित अपना एक फ्लैट बेच कर बड़ी रकम के साथ वह मसाले का व्यापार करने के लिए पुणे आए थे। चोरों ने उनके एटीएम कार्ड, चेक बुक, पर्स, मोबाइल फोन वगैरह चुरा लिया। इसके बाद एक रिक्शावाले ने उन्हें ससून अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती करवा दिया। अस्पताल में हो रहे इलाज के बीच वह वाकड़ ब्रिज कैसे पहुंचे, यह उन्हें भी नहीं पता।

उन्‍हें फ‍िर पुणे के ससून अस्पताल में इलाज हो रहा है। यह जानकारी जब संगीतकार हृदयनाथ मंगेशकर को मिली तब उन्होंने संगीतकार सलिल कुलकर्णी के जरिए उन्हें मंगेशकर अस्पताल में भर्ती करवाया। काउंसलिंग के जरिए उन्हें फिर से मुख्य धारा में लाने की कोशिश की जा रही है।

No more articles