12 साल महिला के साथ बनाए शारीरिक संबंध, फिर बांझ कहकर छोड़ दिया , आरोपी युवक सिंहस्थ में जाने का कहकर एक साल पहले महिला को गुडग़ांव छोड़कर गायब हो गया था। मजदूरी करते हुए कुछ महीने तक महिला गुडग़ांव में रही और फिर सागर लौट आई। यहां तीन माह पहले उसे पता चला कि जिसके साथ वह पत्नी की तरह रह रही थी, वह दूसरी महिला को ले आया है। आपत्ति करने पर युवक ने उसे बांझ बताकर साथ रहने से इनकार कर दिया, जिसके बाद उसने थाने पहुंचकर शिकायत की। पुलिस ने जांच के बाद मामला दर्ज किया है।
मजदूर महिला की शिकायत को देखते हुए मोतीनगर पुलिस पहले तो असमंजस में रह गई, लेकिन जब शिकायत की जांच की गई तो उसके पंचम के साथ बिना शादी किए लिव-इन-रिलेशन में रहने की बात सामने आ गई। लिव-इन रिलेशन का खुलासा होने के बाद पुलिस ने महिला को शादी का झांसा देकर अपने साथ रखने, उसका शारीरिक शोषण करने पर पंचम के विरुद्ध दुराचार का केस दर्ज किया है।
पीडि़त महिला की शिकायत के अनुसार मल्लपुरा निवासी पंचम सिंह अहिरवार के संपर्क में वह 12 साल पहले आई थी। पंचम ने उससे शादी करने का आश्वासन दिया और तब से पिछले साल तक दोनों पति-पत्नी की तरह रहे। मजदूरी के लिए पंचम अहिरवार उसे अपने साथ गुडग़ांव ले गया, वहां भी दोनों एक साथ रहते थे, लेकिन मई 2016 में अचानक पंचम सिंहस्थ स्नान के लिए जाने का कहकर उसे गुडग़ांव में छोड़कर गायब हो गया।
गुडग़ांव से कथित पति पंचम अहिरवार के गायब होने के बाद परेशान पीडि़ता सागर में आकर रहने लगी। यहां कुछ दिनों बाद उसे पंचम एक दूसरी महिला के साथ दिखा। महिला के संबंध में जब पंचम से उसने पूछा, तो उसके तेवर बदल गए। उसने पीडि़ता को बांझ बताया और साथ रहने से इनकार कर दिया। उसने कहा, वह बच्चा पैदा नहीं कर सकती, इसलिए वह दूसरी महिला के साथ रहेगा, रोकने पर भी वह नहीं माना।
No more articles