ये आसान तरीके अपनाकर आप गर्मी और लू से बच सकते हैं, गर्मियों की शुरूआत हो चुकी है, दिन-प्रतिदिन गर्मी का कहर बढ़ाता ही जा रहा है। मौसम विभाग ने भी चेतावना जारी कर दी है। मौसम विभाग की माने तो इस बार भयंकर गर्मी पड़ने वाली है। लोगों को इस बार गर्मी से बचने के लिए अभी से कमर कसनी होगी। बढ़ते तापमान और गर्मी की वजह से शरीर में पानी की कमी हो सकती है, जिससे बीमार होने का खतरा बढ़ सकता है। आइए हम आपको गर्मी और लू से बचने के कुछ आसान तरीके बताते हैं…

तेज गर्मी में ठंडा पानी न सिर्फ पीने में राहत देता है, बल्कि नहाने और समय-समय पर हाथ, मुंह धोने में आराम मिलता है। तेज गर्मी में शरीर का तापमान नियंत्रित करने के लिए गले के आसपास आइसपैक रखना अच्छा है। इससे तापमान तुरंत काबू में आ जाएगा।

तापमान संबंधी जानकारियों पर नजर रखें और दिन के समय बाहर निकलने का काम तभी रखें जब तापमान थोड़ा कम हो। तेज धूप में ऑफिस या घर से बाहर निकलने से बचें। अगर आपको टहलना पसंद है तो सुबह-सुबह या सूरज डूबने के बाद जाएं।

गर्मियों के मौसम में तंग और गहरे रंग के कपड़ों की बजाए हल्के और ढीले कपड़े पहनें। इससे गर्मी और पसीने में शरीर के भीतर हवा का संतुलन बना रहेगा। जहां तक हो सके सिंथेटिक कपड़ों के बजाय सूती कपड़ों का ही चुनाव करें। इससे शरीर का तापमान नियंत्रित करने में मदद मिलेगी।

गर्मी को मात देने का यह सबसे पहला उसूल है कि शरीर में पानी की कमी न होने दी जाए। अत्यधिक तापमान में बहुत पसीना होता है, जिससे शरीर में ऊर्जा का स्तर घटता है। ऐसे में पानीदार फलों, तरबूज, नीबू, खरबूज, का सेवन फायदेमंद होगा।

गर्मियों में अक्सर लोगों की भूख खत्म हो जाती है। मगर शरीर को जरूरी पोषण मिलते रहें इसके लिए जरूरी है कि नियम से खाएं। इस मौसम में हल्की सब्जियां खाना बेहतर होगा। सलाद के तौर पर खीरा, ककड़ी, टमाटर को नियमित आहार में शामिल करना चाहिए।

सूरज की रोशनी अगर सीधे कमरों के अंदर आ रही है, तो परदे लगाकर रखना बेहतर होगा। रात के समय घर के अंदर का तापमान नियंत्रित रखने के लिए कम लाइट जलाएं। जरूरत से ज्यादा बल्ब और लाइटें घर के भीतर का तापमान बढ़ाती हैं।

No more articles