संपत्ति का लालच.., क्या कोई इंसान इतना बेरहम हो सकता है कि वो संपत्ति के लालच में हैवान बन जाए, और किसी की हत्या कर दे। लखनऊ के गोमती नगर के पॉश इलाके में प्रॉपर्टी के लिए एक बेटे ने अपनी सौतेली मां की हथौड़े से पीट-पीटकर हत्या कर दी। बेटा हथौड़े से मां पर तब तक वार करता रहा जब तक उसने दम न तोड़ा।

बताया जा रहा है कि विधानसभा अध्यक्ष के रिटायर्ड ओएसडी रामचंद्र मिश्रा के अफसर बेटे विनोद ने सौतेली मां सुनीता (40) पर हथौड़े से हमला कर उसकी जान ले ली। वहीं सुनीता की बेटी अंतरा के दोस्त विशाल ने लाइसेंसी रिवॉल्वर से विनोद पर ताबड़तोड़ फायर कर उसे लहूलुहान कर दिया। विनोद की हालत नाजुक है। फिलहाल विशाल को पुलिस ने हिरासत में लेकर उसकी लाइसेंसी रिवॉल्वर जब्त कर ली है।

पुलिस के मुताबिक ओएसडी रामचंद्र मिश्रा मूलरूप से प्रतापगढ़ के हैं और सुनीता उनकी दूसरी पत्नी थीं। पहली पत्नी गायत्री की मौत हो चुकी है। गायत्री से दो बेटे मनोज और विनोद हैं। मनोज रेलवे में है जबकि विनोद जबलपुर में सीएजी ऑफिस में ऑडिट अफसर है। सुनीता के रामचंद्र से एक बेटी अंतरा है जो क्लैट की तैयारी कर रही है।

पुलिस का कहना है कि विनोद अक्सर प्रॉपर्टी को लेकर झगड़ा करता था। उसके आने की सूचना पर सुनीता ने बेटी के दोस्त इंदिरानगर निवासी विशाल को फोन कर बुला लिया था। घर पहुंचने पर विनोद ने सुनीता से गाली-गलौज व झगड़ा शुरू कर दिया।

विरोध पर उसने सौतेली मां पर हथौड़ा से ताबड़तोड़ वार कर उनकी हत्या कर दी। विशाल ने उसे रोकने की कोशिश की तो विनोद उससे भी झगड़ने लगा। दोनों के बीच मारपीट हुई और विशाल ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से उस पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं।

No more articles