पाकिस्तान में एक शख्स ने तीन साथियों के साथ मिलकर 15 साल के लड़के की आंख निकाल ली। इतना ही नहीं इस शख्स ने लड़के का लिंग काट दिया। उसने यह इसलिए किया क्योंकि उसे शक था कि लड़का उसकी बेटी के साथ सो रहा था। पीड़ित के परिवार का कहना है कि उनके बेटे के साथ वहशियाना हरकत करने से पहले आरोपी और उसके तीन साथियों ने लाहौर में उसका अपहरण किया था। लड़के को अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टर उसकी जान बचाने में कामयाब रहे।

मामला तब सामने आया जब मंगलवार को पीड़ित के परिवार ने बेटे के साथ हुई घटना के लिए लड़की के परिवार को जिम्मेदार बताया और उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पीड़ित के पिता ने दावा किया, ‘लड़की के पिता और उसके साथियों ने हमारे बेटे का स्कूल से अपहरण किया और उसे रावी नदी के पास एक सुनसान जगह पर ले गए। उन्होंने बेरहमी से उसका गुप्तांग काट दिया और (किसी हथियार से) आंख गोद दी।’

एक राहगीर ने वहां से गुजरते हुए लड़के को खून से सना पाया। उसने उसे अस्पताल में भरती कराया। लाहौर पुलिस घटना की जांच कर रही है। उसने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सीनियर अधिकारी हैदर अशरफ ने कहा, ‘हम जांच पूरी करने के बाद रिपोर्ट सबमिट करेंगे।’

No more articles