इन दिनों गर्मी का भीषण प्रकोप जारी है। चिलचिलाती धूप, लू के थपेड़ों से इंसान ही नहीं, जानवरों का भी बुरा हाल है। राजस्थान के जयपुर में गर्मी से बेहाल एक घोड़ा एक एसी कार में जा धंसा। घोड़ा कार का सामने का शीशा तोड़ते हुए कार में घुस गया। घोड़े को ऐसा करने से राहत तो नहीं मिली, बल्कि मुसीबत बढ़ ही गई। कार में घोड़ा बुरी तरह से फंस चुका था।

घोड़े की यह घटना मीडिया और सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। घोड़े को कार में फंसा देख लोगों का मजमा लग गया। उसे कार से निकाले जाने की कोशिश की जाने लगी। बड़ी मशक्कत के बाद घोड़ा कार से निकाला जा सका।

चश्मदीदों ने इस पूरी घटना को मोबाइल के कैमरे में कैद कर लिया। तस्वीरों में घोड़ा चोटिल नजर आ रहा है। राजस्थान में तापमान का पारा 45 डिग्री के आसपास चल रहा है। वहीं, दिल्ली में तो रविवार तो तापमान रिकॉर्ड 47 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक जयपुर के हसनपुरा इलाके में तांगावाले ने घोड़े के मुंह पर चारे की पोटली टांग दी। भीषण गर्मी की वजह से घोड़ा व्याकुल हो गया। वह रस्सी तोड़कर इधर-उधर भागने लगा। घोड़े को बेकाबू देख लोगों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने उस पर पानी भी फेंका। मुंह पर पोटली लटकी होने की वजह से घोड़े को कुछ सूझा नहीं और सिविल लाइंस के जैकब रोड पर सामने से आ रही कार पर कूद गया।

चश्मदीदों के मुताबिक घोड़ा ड्राइवर वाली साइड नहीं कूदा था, इसलिए गाड़ी चला रहा शख्स बच गया। शीशा टूटने से शख्स को हल्की चोटें आईं। हादसे में घोड़ा भी जख्मी हुआ। बाद में वन विभाग की टीम की मदद से कार में फंसे घोड़े को बाहर निकाल जा सका। चश्मदीदों की मानें तो घोड़े ने एक बाइक सवार को भी टक्कर मारी थी। वन विभाग के पशु चिकित्सक ने बताया कि गर्मी के कारण घोड़ा बेकाबू हो गया था।

No more articles