इस बात से हर व्यक्ति वाकिफ होगा कि प्लास्टिक हमारे पर्यावरण के लिए बेहद नुकसानदायक है। प्लास्टिक मनुष्य के साथ साथ जानवरों के लिए भी बेहद खतरनाक है। यह जितना खतरनाक ज़मीन पर रहने वाले जानवरों के लिए है उतना ही खतरनाक यह पानी में रहने वाले जीवों के लिए भी है।

ऐसा ही वाकया हुआ पाकिस्तान के कराची में, जहां एक प्लास्टिक बैग बन गया, एक कछुए के लिए जानलेवा। दरअसल अमीर रहीम नाम का एक मछुआरा अपनी बोट में बैठा जा रहा था तभी उसने समुद्र में एक अजीब सी चीज़ देखी। एक पल के लिए तो अमीर यह समझ ही नहीं पाया कि यह अजीबो गरीब सी दिखने वाली चीज़ आखिर है क्या।

जब बोट उस चीज़ के करीब पहुंची तब अमीर को एक विशाल सा ओलिव रिडले समुद्री कछुआ नज़र आया जो एक प्लास्टिक बैग में उलझ गया था। यह देखकर अमीर फ़ोरन समुद्र में कूद पड़ा और उस कछुए को अपनी बोट पर ले आया। फिर चाकू की मदद से अमीर ने उस प्लास्टिक बैग को फाड़ा जिसके बाद उसने कछुए को पानी में वापस छोड़ दिया।

वैसे आपको बता दें कि अमीर रहीम, मछुआरे के साथ साथ वर्ल्ड वाइल्ड फ़ंड फॉर नेचर, पाकिस्तान, में प्रशिक्षित पर्यवेक्षक का भी काम करते हैं और इस वीडिओ को देखकर आपको अंदाज़ा हो गया होगा कि प्लास्टिक वन्य जीवन के लिए कितना खतरनाक है।

No more articles