योगी सरकार के एंटी रोमियो अभियान से महिलाओं की सुरक्षा की मुहिम पूरे उत्तर प्रदेश में चल गई है। महिलाओं को परेशान करने वाले मनचलों के खिलाफ यह एक सख्त एक्शन है। पर अब उत्तर प्रदेश में एक और हैरान करने वाली खबर आ रही है। आगरा में पुलिस ने पति, पत्नी और वो के विवाद में एक अलहदा समझौता कराया है। पुलिस द्वारा कराए गए समझौते के अनुसार मनोज कुमार एक दिन अपनी पत्नी के साथ और एक दिन प्रेमिका के साथ रहेगा। मनोज की पत्नी और प्रेमिका दोनों ही इस समझौते पर राजी हैं।

पत्नी और प्रेमिका में मनोज की कमायी को लेकर भी विवाद था। पुलिस ने इसका भी समाधान निकाल लिया और दोनों के बीच समझौता करा दिया कि जिस मनोज अपनी पत्नी के साथ रहेगा उस दिन की कमायी वो लेगी और जिस दिन वो प्रेमिका के साथ रहेगा उस दिन की कमायी प्रेमिका की होगी। नवभारत टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार ये मामला आगरा के सिकंदरा थाने का है।

रिपोर्ट के अनुसार शास्त्रीपुरम का निवासी मनोज कुमार पेशे से ऑटो ड्राइवर है। शादीशुदा मनोज एक महिला को अक्सर उसके दफ्तर छोड़ता था। इसी बीच दोनों के पहले दोस्ती और फिर प्यार हो गया। वो महिला भी शादीशुदा थी लेकिन उसका अपने पति से विवाद चल रहा था। मनोज ने महिला से मंदिर में विवाह कर लिया। महिला की पहले पति से एक बच्ची है। वहीं मनोज के दो बच्चे हैं। पुलिस द्वारा कराए गए समझौते के अनुसार जिस दिन मनोज के ऑटो का चालान कटेगा उस दिन वो किसी को भी अपनी कमायी नहीं देगा।

No more articles