आप सोच रहे होंगे की भई टू व्हीलर चलाते समय हेलमेट नहीं पहना तो समझ आता है चालान कटा लेकिन फोर व्हीलर चलाते समय हेलमेट का क्या काम। ये मामला है कोटा के चेचट का। यहां रामगंजमंडी निवासी पूर्व पालिकाध्यक्ष मनोज भाई पटेल रविवार की रात चेचट गए थे। इस दौरान वह खुद ही बोलेरो कार चला रहे थे। तभी सिपाही रामेश्वर दयाल ने उन्हें रोका। रामेश्वर दयाल ने मनोज का चालान काटकर तीन सौ रुपए वसूल लिए।

सिपाही ने मनोज भाई पटेल से पैसे तो वसूले ही साथ ही उन्हें चालान का कागज भी थमाया। जब मनोज भाई पटेल ने अपने चालान पढ़ा वह हैरान रह गए। चालान में लिखा था कि उन्होंने हेलमेट नहीं पहना है, इसलिए उनका चालान काटा गया है।

मनोज ने यह मामला भाजपा के पूर्व देहात जिला उपाध्यक्ष वीरेंद्र जैन को बताया। इसके बाद मामला उपाधीक्षक के संज्ञान में गया। जिस पर सिपाही रामेश्वर दयाल से पूछताछ की गई। इस दौरान सिपाही का कहना था कि मनोज ने सीट बेल्ट नहीं पहनी थी। इसलिए उनका चालान काटा था, लेकिन उन्हें जो चालान का कागज दिया था, वह गलत भर गया था। बिना हेलमेट बाइक चलाने वाले के लिए जो चालान बने थे उनमें गलती से मनोज का नाम भर गया।

No more articles